लखनऊ विकास प्राधिकरण लगभग 195 करोड़ रूपये की लागत से शहर में विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य कराएगा। इसमें लगभग 10 करोड़ रूपये से गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क में बर्ड एवियरी बनायी जाएगी। वहीं, हाईकोर्ट के पास ग्रीन बेल्ट की लगभग 2500 वर्गमीटर भूमि पर संविधान पार्क बनेगा।
मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में आज आयुक्त सभागार में हुयी अवस्थापना विकास निधि की बैठक में विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी। बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार व नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमती नगर में सहारा ग्रुप से खाली करायी गयी भूमि पर गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क विकसित किया जा रहा है। इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए और अधिक प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से यहां 01 इंटरैक्टिव बर्ड एवियरी विकसित की जाएगी, जोकि लगभग 01 एकड़ क्षेत्रफल में फैली होगी। यहां विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के प्राकृतिक वास के अनुसार पेड़-पौधे लगाए जाएंगे।
इसके अलावा हाईकोर्ट के पास लगभग 06 करोड़ रूपये की लागत से संविधान पार्क बनाया जाएगा, जो आम लोगों को संविधान के प्रति जागरूक करने का काम करेगा। इस पार्क में अशोक स्तम्भ, पैनल वॉल, इंडिया मैप, संसद की आकृति, म्यूरल व लैंडस्केप आदि के आकर्षक कार्य कराये जाएंगे।
गोमती नगर में लोटस पार्क बनेगा
गोमती नगर में ग्वारी फ्लाईओवर के पास ग्रीन बेल्ट की भूमि पर 08 करोड़ रूपये की लागत से मिनी स्पोर्ट्स एरिया व 8.5 करोड़ की लागत से लोटस पार्क का विकास किया जाएगा। वहीं, गोमती रिवर फ्रंट पर लगभग 06 करोड़ रूपये की लागत से वन्डर पार्क का निर्माण कराया जाएगा, जोकि खासतौर से बच्चों के लिए होगा। इसके अलावा अर्जुनगंज में 05 करोड़ रूपये की लागत से पाण्डव पार्क विकसित किया जाएगा। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों व मार्गो पर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।
कानपुर रोड योजना में इन्सेक्टोपीडिया पार्क
वहीं, कानपुर रोड योजना स्थित ईको-गार्डेन में पी0पी0पी0 मोड पर इन्सेक्टोपीडिया पार्क बनाया जाएगा। लगभग 13 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले इस पार्क में जंगल ट्रेल होगी। साथ ही इन्सेक्ट्स की आकृति बड़े स्केल पर दर्शायी जाएगी। इन पार्कों के अतिरिक्त उर्मिला वन के विकास के लिए भी अवस्थापना निधि से बजट स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा अलीगंज के विभिन्न ग्रीन बेल्ट्स में भी हॉर्टीकल्चर आदि के कार्य कराये जाएंगे।
फैजुल्लागंज में सड़क व नाले का निर्माण
ऐशबाग स्थित सुप्पा झील का भी कायाकल्प होगा। लगभग 13 एकड़ क्षेत्रफल में फैली इस झील के संवर्धन व सौंदर्यीकरण के लिए 2.5 करोड़ रूपये स्वीकृत हुये हैं। जिससे बाउन्ड्रीवॉल, पाथ-वे, हॉर्टीकल्चर व साफ-सफाई के कार्य कराये जाएंगे। इसके अलावा फैजुल्लागंज क्षेत्र में सड़क एवं जल निकासी के लिए लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जाएगा। मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने निर्देश दिये कि नाले की लेवलिंग का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही ड्रेन वॉटर के अंतिम निस्तारण के लिए कनेक्शन सुनिश्चित किया जाए। मण्डलायुक्त ने शहर के विभिन्न पार्कों में 250 ओपन जिम स्टॉल करने के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है





