बीजेपी अध्यक्ष चुनाव के बाद योगी कैबिनेट में फेरबदल की संभावना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर हलचल तेज हो गई है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक राज्य में जल्द ही योगी मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। माना जा रहा है कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी और वरिष्ठ नेताओं का दिल्ली दौरा तय
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत यूपी बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता आने वाले दिनों में दिल्ली का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान संगठन और सरकार के बीच समन्वय के साथ मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर उच्च स्तर पर मंथन होने की संभावना है।
संगठन ने शुरू की जमीनी रिपोर्टिंग
बीते दिनों यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ में दोनों उपमुख्यमंत्रियों से अलग-अलग मुलाकात की थी। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विधायकों और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया और जमीनी स्तर की रिपोर्ट तैयार की।
मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा पूरी
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी के संगठन महामंत्री धर्मपाल ने मौजूदा मंत्रियों के कामकाज को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली है। इस रिपोर्ट में विभागीय प्रदर्शन, जनसंपर्क और संगठनात्मक समन्वय जैसे बिंदुओं का मूल्यांकन किया गया है।
कोर ग्रुप करेगा मंथन, आलाकमान लगाएगा मुहर
यूपी बीजेपी का कोर ग्रुप जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर नए और पुराने नामों पर चर्चा करेगा। चर्चा के बाद प्रस्ताव को केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा, जहां से अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
राजनीतिक संतुलन और सामाजिक समीकरण पर रहेगा फोकस
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रीय संतुलन, सामाजिक समीकरण और संगठनात्मक प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जा सकती है। इससे सरकार और संगठन दोनों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।





