लखनऊ: 1 अप्रैल से देश के सभी टोल प्लाजा पर नकद भुगतान बंद होगा और टोल टैक्स सिर्फ FASTag या UPI से लिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य जाम खत्म करना, ईंधन बचाना और सफर को तेज व पारदर्शी बनाना है।
देशभर के सभी टोल प्लाजा 1 अप्रैल से पूरी तरह कैशलेस होने जा रहे हैं। नए नियम लागू होने के बाद टोल टैक्स के लिए नकद भुगतान बंद कर दिया जाएगा। वाहन चालकों को अब सिर्फ FASTag या UPI के जरिए ही टोल देना होगा। इस बारे में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने एक इंटरव्यू में जानकारी दी,हालांकि, इस फैसले को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन अभी जारी नहीं हुआ है।
बिना रुके होगा सफर, समय की होगी बचत
सरकार का यह फैसला टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम और लंबी कतारों को खत्म करने के मकसद से लिया गया है। अभी FASTag अनिवार्य होने के बावजूद कई जगहों पर नकद लेनदेन हो रहा है, जिससे वाहन रुकते हैं और जाम की स्थिति बनती है। कैश बंद होने के बाद टोल बूथ पर गाड़ियों को रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे सफर तेज और आसान होगा।
नो स्टॉप सिस्टम की हो रही जांच
सरकार इस बदलाव को चरणबद्ध तरीके से लागू कर रही है। फिलहाल देश के 25 टोल प्लाजा पर नो स्टॉप और कैशलेस टोल सिस्टम का ट्रायल किया जा रहा है। इस पायलट प्रोजेक्ट के नतीजों के आधार पर इसे पूरे देश में लागू किया जाएगा। मंत्रालय इस डिजिटल सिस्टम को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
ईंधन बचेगा, सफर तेज होगा, सिस्टम होगा पारदर्शी
सरकार इस फैसले के जरिए तीन बड़े लक्ष्य हासिल करना चाहती है। पहला, ईंधन की बचत, क्योंकि टोल पर बार-बार रुकने से पेट्रोल और डीजल की बर्बादी होती है। दूसरा, पारदर्शिता, क्योंकि हर भुगतान का डिजिटल रिकॉर्ड रहेगा और गड़बड़ी की संभावना कम होगी। तीसरा, तेज सफर, क्योंकि खुले पैसों को लेकर होने वाली बहस और मैनुअल रसीद में लगने वाला समय खत्म हो जाएगा।
FASTag बैलेंस रखें अपडेट
नया नियम लागू होने से पहले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे अपना FASTag अकाउंट सक्रिय रखें और उसमें पर्याप्त बैलेंस हो। जिन लोगों के पास FASTag नहीं है, उन्हें स्मार्टफोन में UPI सुविधा चालू रखने की जरूरत होगी। 1 अप्रैल के बाद डिजिटल पेमेंट के बिना टोल प्लाजा पहुंचने पर जुर्माना लग सकता है या वाहन को वापस भेजा जा सकता है। यह कदम आगे चलकर बैरियर फ्री टोलिंग और मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।





