Home Uttar Pradesh मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में आस्था का महासैलाब, संगम पर लाखों श्रद्धालुओं...

मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में आस्था का महासैलाब, संगम पर लाखों श्रद्धालुओं ने किया पवित्र स्नान

81
0

प्रयागराज में माघ मेले के तीसरे और सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर रविवार, 18 जनवरी 2026 को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ब्रह्म मुहूर्त से ही संगम और अन्य स्नान घाटों पर स्नान का सिलसिला जारी है। धार्मिक मान्यता के अनुसार मौनी अमावस्या के दिन मौन रखकर स्नान और दान करना बेहद शुभ माना जाता है।अब तक लाखों श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं, जबकि एक दिन पहले ही करीब डेढ़ करोड़ लोगों ने पवित्र स्नान किया था। प्रशासन का अनुमान है कि आज तीन करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच सकते हैं।

प्रशासन ने किए कड़े इंतजाम

स्नान पर्व को देखते हुए मेला प्रशासन ने साढ़े तीन किलोमीटर लंबा स्नान घाट तैयार किया है। सुरक्षा के लिए जल पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, फ्लड कंपनी और गोताखोरों की तैनाती की गई है। इसके अलावा मेले में पुलिस, पीएसी, आरएएफ, बीडीएस, यूपी एटीएस और खुफिया एजेंसियां भी मुस्तैद हैं। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से हर जगह नजर रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर खास ध्यान दिया जा रहा है।

Also Read- शेफाली जरीवाला की मौत पर पति पराग त्यागी का बड़ा दावा, बोले– उन पर किया गया था काला जादू

अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

मौनी अमावस्या के मौके पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने संगम घाट पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। माघ मेला अधिकारी ऋषि राज ने बताया कि सभी 7 सेक्टरों में घाट बनाए गए हैं और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे नजदीकी घाट पर ही स्नान करें।

AI कैमरे और ड्रोन से रखी जा रही भीड़ पर नजर

प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए AI आधारित कैमरे और ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने कहा कि स्नान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

अब तक 50 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान

प्रयागराज के डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि स्नान देर रात 12 बजे से ही शुरू हो गया था और लोगों में जबरदस्त उत्साह है। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल के अनुसार अब तक करीब 50 लाख श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं। श्रद्धालुओं को सही रास्ता दिखाने के लिए रिफ्लेक्टिव टेप और सिविल डिफेंस वॉलंटियर भी तैनात किए गए हैं। माघ मेले में आस्था, सुरक्षा और व्यवस्था—तीनों का संतुलन बनाए रखने की पूरी कोशिश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here