Home Breaking News भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उन्नाव पहुंचे, विपक्ष पर साधा...

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उन्नाव पहुंचे, विपक्ष पर साधा निशाना

उन्नाव सांसद साक्षी महाराज के आवास पर कार्यकर्ता मिलन समारोह में पहुंचे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, समाजवादी पार्टी और विपक्ष पर किया तीखा हमला।

70
0

उन्नाव: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उन्नाव पहुंचे, जहां उन्होंने सांसद साक्षी महाराज के आवास पर आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह में शिरकत की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।


केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश विकास की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बीते दस वर्षों में केंद्र और राज्य सरकारों ने निरंतर काम करते हुए ऐसे बदलाव किए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।


2027 के लक्ष्य पर बोले भूपेंद्र चौधरी

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ते हुए पार्टी वर्ष 2027 में एक बार फिर सरकार बनाने की दिशा में मजबूती से काम कर रही है। प्रधानमंत्री का उद्देश्य सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है और पार्टी निश्चित रूप से अपने एजेंडे को पूरा करेगी।


साक्षी महाराज की सराहना

भूपेंद्र चौधरी ने उन्नाव सांसद साक्षी महाराज की सराहना करते हुए कहा कि पूरे जिले का नेतृत्व उनके हाथों में होना पार्टी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यदि कभी अपेक्षित परिणाम नहीं आते हैं तो पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर समीक्षा करती है और भविष्य की रणनीति तय करती है।


विपक्ष पर तीखा हमला

विपक्ष पर निशाना साधते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि हार होने पर विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव आयोग को दोष देता है, जबकि लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो जीतता है, उसे सभी को साथ लेकर देश और प्रदेश के विकास में योगदान देना चाहिए।


समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव स्वयं भ्रमित हैं और जनता को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 तक समाजवादी पार्टी की सरकार में उत्तर प्रदेश अराजकता, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और दंगों का शिकार रहा, जबकि 2017 के बाद प्रदेश ने विकास की नई दिशा पकड़ी है।


योगी सरकार में बदली यूपी की तस्वीर

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि कभी बीमारू राज्य कहलाने वाला उत्तर प्रदेश आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा में अहम भूमिका निभा रहा है और महाराष्ट्र के बाद सबसे बड़ी जीडीपी वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी विरासत का सम्मान करती है, जबकि समाजवादी पार्टी का एजेंडा केवल नकारात्मक प्रचार और लोगों को गुमराह करना है। सरकार ऐसे भ्रम फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।


https://itreesoftwares.in/filmitics/sanjay-singh-and-pappu-yadav-trapped-after-yogis-warning/

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here