Home Uttar Pradesh सांसद साक्षी महाराज बोले पीएम मोदी के नेतृत्व में देशभर में ऐतिहासिक...

सांसद साक्षी महाराज बोले पीएम मोदी के नेतृत्व में देशभर में ऐतिहासिक मंदिरों का हुआ निर्माण, अयोध्या मंदिर भाजपा की देन

25
0

उन्नाव सांसद और फायर ब्रांड हिंदूवादी नेता साक्षी महाराज ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत में जितने बड़े पैमाने पर मंदिरों का निर्माण और जीर्णोद्धार वर्तमान सरकार में हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि महाराजा वीर विक्रमादित्य और इंदौर की महारानी अहिल्याबाई होलकर के बाद यदि किसी ने सबसे अधिक मंदिरों का निर्माण कराया है, तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है। इसके लिए पूरा देश मोदी जी का हृदय से आभार व्यक्त करता है।

बता दे कि सांसद साक्षी महाराज ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दुनिया की बात छोड़िए, सिर्फ अयोध्या राम मंदिर को लेकर अखिलेश यादव और उनके पिता का रवैया क्या रहा, यह जनता भली-भांति जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कहा जाता था कि चाहे कितनी ही हिंदुओं की लाशें क्यों न बिछानी पड़ें, लेकिन अयोध्या में मंदिर नहीं बनने देंगे। आज अयोध्या में भव्य और गगनचुंबी राम मंदिर का निर्माण हुआ है, तो यह पूरी तरह से प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय जनता पार्टी की देन है।

बांग्लादेश में हिंदू संत के साथ हुई मारपीट के सवाल पर साक्षी महाराज ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि जिस बांग्लादेश को भारत और हिंदुओं के सहयोग से आज़ादी मिली, वहां इस तरह की घटनाएं शर्मनाक हैं। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत सरकार इन घटनाओं पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। माघ पर्व और उन्नाव में गंगा प्रदूषण को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि सरकार माघ मेले को लेकर पूरी तरह गंभीर है। महाकुंभ की सफलता के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माघ मेले को भी भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि उनका स्वयं गंगा तट पर आश्रम है और उन्हें वहां से लगातार सूचनाएं मिल रही हैं। उनके अनुसार माघ मेले की व्यवस्थाएं काफी चुस्त-दुरुस्त हैं। हालांकि फैक्ट्रियों का गंदा पानी गंगा में जाने की शिकायत पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को वे लगातार जिला स्तरीय बैठकों में उठाते रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे।

जनसंख्या नियंत्रण कानून के सवाल पर साक्षी महाराज ने कहा कि यह कानून समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जमीन सीमित होती जा रही है और जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। इस पर अंतिम निर्णय सरकार को ही लेना होता है और यह सरकार की नीति का विषय है। महाराष्ट्र और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भविष्य के गर्भ में क्या है, यह कोई नहीं जानता, लेकिन इतना तय है कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। महाराष्ट्र में भाजपा को मिली सफलता के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताया।
उन्नाव में खनन माफिया के सक्रिय होने के आरोपों पर सांसद साक्षी महाराज ने स्पष्ट कहा कि वे सांसद बनने के बाद से लगातार खनन माफियाओं के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री स्तर तक शिकायतें पहुंचाई हैं और जिलाधिकारी को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चाहे कोई कितना ही बड़ा क्यों न हो सांसद, विधायक या कोई अन्य अवैध खनन की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत माता की छाती को छलनी करने का किसी को अधिकार नहीं है। यदि कहीं से ठोस शिकायत आती है तो वे उस पर तत्काल कार्रवाई कराएंगे।
काशी और अयोध्या के बाद मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के सवाल पर साक्षी महाराज ने कहा कि चीजें धीरे-धीरे होती हैं। प्रयास लगातार जारी हैं और आने वाले समय में क्या होगा, यह सब देखेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here