Home Crime एटा में दिनदहाड़े एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से...

एटा में दिनदहाड़े एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से फैली सनसनी

134
0

जनपद एटा में दिनदहाड़े हुए जघन्य हत्याकांड से पूरे शहर में दहशत फैल गई है। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के नगला प्रेमी इलाके में अज्ञात बदमाशों ने एक ही परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें एक बुजुर्ग और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।

मिली जानकारी के अनुसार, नगला प्रेमी निवासी गंगा सिंह के परिवार के चार लोग घर में मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि एक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि मृतकों का बेटा मेडिकल की दुकान चलाता है और घटना के समय वह अपनी दुकान पर मौजूद था। वारदात का खुलासा तब हुआ जब मृतक का नाती स्कूल से घर लौटा और उसने घर के अंदर खून से लथपथ शव देखे, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

दिनदहाड़े हुई इस सामूहिक हत्या से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।