Home Uttar Pradesh अनंत नगर योजना के 637 भूखण्डों की लॉटरी 30 व 31 जनवरी...

अनंत नगर योजना के 637 भूखण्डों की लॉटरी 30 व 31 जनवरी को होगी

31
0

लखनऊ विकास प्राधिकरण की अनंत नगर आवासीय योजना के भूखण्डों की लॉटरी 30 व 31 जनवरी, 2026 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगी। एलडीए ने योजना के तृतीय चरण में आकाश खण्ड एवं आदर्श खण्ड के 637 भूखण्डों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला था। जिसमें 7429 लोगों ने भूखण्डों के लिए पंजीकरण कराया है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि मोहान रोड स्थित अनंत नगर योजना का विकास 785 एकड़ क्षेत्रफल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जा रही हैं। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।

अनंत नगर योजना में पहले 02 चरणों में 666 भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है। जिसमें 22 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया था। तृतीय चरण में आकाश खण्ड के 617 और आदर्श खण्ड के 20 भूखण्डों के लिए 20 दिसम्बर, 2025 से 16 जनवरी, 2026 के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। जिसके सापेक्ष 7429 लोगों ने सफलतापूर्वक पंजीकरण कराया है।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगी लॉटरी

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि अब 30 व 31 जनवरी, 2026 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में लॉटरी ड्रा का आयोजन किया जाएगा। पहले दिन आरक्षित श्रेणी के आवेदकों के मध्य लॉटरी करायी जाएगी। वहीं, दूसरे व अंतिम दिन सामान्य श्रेणी के आवेदकों को लॉटरी से भूखण्ड आवंटित किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि लॉटरी की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी, जिसमें आवेदकों के हाथों से ड्रा की पर्चियां निकलवायी जाएंगी। पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगी लॉटरी


तृतीय चरण में कुल 637 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला गया था। इसमें 450 वर्गमीटर के 41, 288 वर्गमीटर के 224, 200 वर्गमीटर के 225, 162 वर्गमीटर के 90 और 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 57 भूखण्ड शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here