Home Prayagraj प्रयागराज माघ मेला प्रशासन का अविमुक्तेश्वरानंद को नोटिस, 24 घंटे में मांगा...

प्रयागराज माघ मेला प्रशासन का अविमुक्तेश्वरानंद को नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब

प्रयागराज माघ मेले के दौरान मौनी अमावस्या के दिन शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों और मेला प्रशासन के बीच विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस विवाद के बाद अब मेला प्राधिकरण ने अविमुक्तेश्वरानंद को नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा है।

दरअसल, मौनी अमावस्या के दिन यूपी सरकार के गृह सचिव मोहित गुप्ता और मेला अधिकारियों के साथ अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों की कहासुनी हो गई थी। इस दौरान अधिकारियों पर शिष्यों के साथ मारपीट के आरोप भी लगे। घटना से आक्रोशित अविमुक्तेश्वरानंद ने स्नान करने से इनकार कर दिया और तभी से वह अपने शिविर के बाहर विरोध प्रदर्शन पर बैठे हैं।

इसी बीच मेला प्रशासन ने उन्हें नोटिस भेजते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश का हवाला दिया है। नोटिस में सवाल उठाया गया है कि अविमुक्तेश्वरानंद किस आधार पर स्वयं को ज्योतिष्पीठ का शंकराचार्य बता रहे हैं।

नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि जब तक इलाहाबाद हाईकोर्ट पट्टाभिषेक से संबंधित कोई अग्रिम आदेश पारित नहीं करता, तब तक कोई भी धर्माचार्य स्वयं को ज्योतिष्पीठ का शंकराचार्य घोषित नहीं कर सकता। इसी मुद्दे पर मेला प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

पूरे मामले पर अब सभी की निगाहें अविमुक्तेश्वरानंद के जवाब और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here