Home Crime सहारनपुर में दिल दहला देने वाली घटना, एक ही परिवार के 5...

सहारनपुर में दिल दहला देने वाली घटना, एक ही परिवार के 5 सदस्यों की गोली लगने से मौत

43
0

सहारनपुर जिले के थाना सरसावा क्षेत्र अंतर्गत कौशिक विहार कॉलोनी से मंगलवार को एक बेहद सनसनीखेज और दुखद मामला सामने आया। यहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही थाना सरसावा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतकों की पहचान अशोक राठी (40 वर्ष), उनकी पत्नी अंजलि (37 वर्ष), मां विधावती (70 वर्ष) और दो नाबालिग बेटे कार्तिक (16 वर्ष) व देव (13 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अशोक राठी नकुड़ तहसील में अमीन के पद पर कार्यरत थे।

घटना की खबर मिलते ही पूरे जनपद में हड़कंप मच गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं, वहीं सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही भी की जा रही है। इस मामले को लेकर सहारनपुर के एसएसपी/डीआईजी आशीष तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक आंतरिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। प्रथम दृष्टया आशंका है कि परिवार के किसी एक सदस्य ने लाइसेंसी पिस्टल से पहले अन्य सदस्यों को गोली मारी और बाद में खुद को भी गोली मार ली। हालांकि, यह अभी जांच का विषय है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here