Home Political news पार्टी को नई ऊर्जा व दिशा देंगे नितिन नबीन – सीएम योगी

पार्टी को नई ऊर्जा व दिशा देंगे नितिन नबीन – सीएम योगी

26
0

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सीएम योगी ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पहुंचकर नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट किया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि नितिन नबीन के कुशल नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव और दूरदर्शिता से पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी। उन्होंने आशा जताई कि उत्तर प्रदेश को भी भविष्य में उनका निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त होता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर भी नितिन नबीन को भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। सीएम योगी ने पोस्ट में लिखा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में नितिन नबीन अंत्योदय के मार्ग पर चलते हुए अपनी निष्ठा और समर्पण से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने कहा कि नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री ने नितिन नबीन के सफल और उज्ज्वल कार्यकाल के लिए अनंत शुभकामनाएं भी दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here