Home Political news मिशन 2027 का बिगुल: अखिलेश यादव ने बुलाई सपा सांसदों की अहम...

मिशन 2027 का बिगुल: अखिलेश यादव ने बुलाई सपा सांसदों की अहम बैठक, BJP को सत्ता से हटाने की बनाई रणनीति

39
0

सपा दफ्तर में मंथन, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में सपा सांसदों की एक महत्वपूर्ण बैठक लेकर मिशन 2027 का औपचारिक बिगुल फूंक दिया। इस बैठक में आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक मजबूती, जमीनी रणनीति और भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा हुई।

सांसदों से जिलेवार फीडबैक, संगठन विस्तार पर जोर

बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने सांसदों से उनके-अपने जिलों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और जनता के मूड को लेकर फीडबैक लिया। सूत्रों के मुताबिक सांसदों को अपने क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करने, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और जनता के बीच सपा की नीतियों को पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

जनता से संवाद और 27 की रणनीति पर हुई गहन चर्चा

बैठक में यह भी चर्चा हुई कि किस तरह सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से संवाद स्थापित करें और 2027 के चुनावी एजेंडे को जमीनी स्तर तक पहुंचाएं। बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था और किसान मुद्दों को प्रमुख चुनावी हथियार बनाने पर भी मंथन हुआ।

बैठक के बाद सांसदों का बड़ा दावा— “2027 में BJP सरकार का होगा सफाया”

बैठक समाप्त होने के बाद बाहर निकले सपा सांसदों ने खुलकर कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया गया है। सांसदों ने दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है और 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

मिशन 2027 में फुल एक्शन मोड में सपा

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक यह बैठक साफ संकेत देती है कि समाजवादी पार्टी अब फुल एक्शन मोड में आ चुकी है। पोस्टर, बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों के जरिए सपा ने 2027 की सियासी जंग की शुरुआत कर दी है।

सियासी संदेश साफ— सत्ता की वापसी का दावा

सपा नेतृत्व और सांसदों के तेवर देखकर यह साफ है कि पार्टी 2027 को लेकर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहती। अखिलेश यादव की अगुवाई में सपा बीजेपी बनाम सपा की सीधी लड़ाई के मूड में नजर आ रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here