नोएडा में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार की अब तक की कार्रवाई पर उनके पिता राजकुमार मेहता ने संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विशेष जांच टीम (SIT) के गठन से उन्हें न्याय की उम्मीद मिली है और उन्हें भरोसा है कि उनके बेटे को इंसाफ जरूर मिलेगा।मंगलवार को इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिल्डर अभय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
सरकार की कार्रवाई से मिली न्याय की उम्मीद
राजकुमार मेहता ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए घटनास्थल पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की इच्छा भी जताई और कहा कि उनसे मिलने पर उन्हें मानसिक शांति मिलेगी।उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ओर से उन्हें पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया गया है।
Also Read- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे यूपी दिवस-2026 के मुख्य अतिथि
3 सदस्यीय SIT कर रही है जांच
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इस मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद एडीजी जोन मेरठ के नेतृत्व में तीन सदस्यीय SIT गठित की गई। यह टीम 5 दिनों के भीतर जांच पूरी कर मुख्यमंत्री को रिपोर्ट सौंपेगी।
बिल्डर अभय कुमार गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी बिल्डर अभय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वह एमजेड विजटाउन प्लानर्स लिमिटेड कंपनी के सीईओ हैं।उनके खिलाफ लापरवाही, गैर इरादतन हत्या और जान को खतरे में डालने जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है इससे पहले योगी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर भी कड़ा कदम उठाते हुए नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को पद से हटा दिया था।यह मामला अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद मजबूत होती नजर आ रही है।





