प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प–2047 को ज़मीन पर उतारने की दिशा में उत्तराखंड सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में देहरादून में एक अहम कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विकास रोडमैप और सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर स्पष्ट संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को हासिल करने में उत्तराखंड की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि सरकारी योजनाएं सिर्फ कागज़ों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका असर ज़मीनी स्तर पर साफ दिखाई दे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज आयोजित अधिकारियों का यह कार्यक्रम “चिंतन शिविर – डायलॉग ऑन 2047 विज़न” के तहत हुआ, जिसमें व्यापक मंथन किया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस विचार-मंथन से ऐसे सुझाव सामने आएंगे, जो प्रदेश के विकास को नई दिशा देंगे।
सीएम धामी ने कहा कि विज्ञान, तकनीक सहित सभी विभाग मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं उत्तराखंड के सुदूर और पहाड़ी गांवों तक भी आसानी से पहुंचें। इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और फील्ड लेवल पर प्रभावी कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बुनियादी ढांचे के विकास पर ज़ोर देते हुए बताया कि प्रदेश में रोपवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। इन परियोजनाओं से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा।
इसके साथ ही उन्होंने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा” योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक करीब चार लाख लोगों को इसका सीधा लाभ मिल चुका है। यह सरकार की जनभागीदारी, पारदर्शिता और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



