सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। मैच में टॉस जीतकर भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। कीवी टीम ने निर्धारित ओवरों में 209 रन बनाकर भारत के सामने मजबूत लक्ष्य रखा।
न्यूजीलैंड की ओर से रचिन रवींद्र ने 44 रनों की अहम पारी खेली, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने सर्वाधिक 47 रन बनाए। पारी के अंतिम ओवरों में कप्तान सैंटनर के फिनिशिंग टच की बदौलत न्यूजीलैंड किसी तरह 200 के पार पहुंच सका। 209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरू मे जल्दी ही 2 विकेट खो दिए लेकिन ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। दोनों बल्लेबाजों की तूफानी पारियों के सामने कीवी गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
ईशान किशन ने मात्र 32 गेंदों में 76 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 82 रनों की आतिशी पारी खेलकर टीम इंडिया को शानदार जीत दिलाई। भारतीय टीम ने महज 15.2 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है और टीम का आत्मविश्वास भी चरम पर नजर आ रहा है।




