कर्पूरी ठाकुर जयंती पर सपा मुख्यालय में आयोजन, राजनीति और सियासी हमलों का केंद्र बना SIR मुद्दा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी मुख्यालय में उस वक्त सियासी हलचल का केंद्र बन गया, जब सिर से नारियल तोड़ने को लेकर चर्चा में आए धर्मेंद्र राजभर सपा कार्यालय पहुंचे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें 51 हजार रुपये का इनाम दिया। इसी मौके पर भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती भी सपा मुख्यालय में मनाई गई।
कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग और सरकार पर बेहद तीखे आरोप लगाए, जिससे प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई।
धर्मेंद्र राजभर को अखिलेश का इनाम, सपा मुख्यालय में रहा खास स्वागत
सिर पर नारियल फोड़ने की वजह से सुर्खियों में आए धर्मेंद्र राजभर जब सपा मुख्यालय पहुंचे तो अखिलेश यादव ने उन्हें सम्मानित करते हुए 51 हजार रुपये की राशि दी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। सपा नेतृत्व ने इसे सामाजिक सम्मान और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया।

कर्पूरी ठाकुर जयंती पर सपा का आयोजन, समाजवाद की विरासत को किया याद
सपा मुख्यालय पर भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। अखिलेश यादव ने कर्पूरी ठाकुर के सामाजिक न्याय और पिछड़ों के हक की लड़ाई को याद करते हुए कहा कि समाजवादी आंदोलन उन्हीं मूल्यों पर आगे बढ़ रहा है।
SIR पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले– चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं
अखिलेश यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि SIR के पूरे प्रक्रिया में भेदभाव हो रहा है और चुनाव आयोग निष्पक्ष भूमिका नहीं निभा रहा।
अखिलेश ने कहा,
“सरकार और प्रशासन अपनी मनमानी से काम कर रहे हैं। यह लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।”

पूरा का पूरा बूथ लूट लिया गया, CCTV वीडियो मौजूद
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीते चुनावों में खुलेआम धांधली हुई।
उन्होंने दावा किया कि पूरे-पूरे बूथ लूट लिए गए और इसके CCTV फुटेज मौजूद हैं।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि उपचुनाव के दौरान पुलिसकर्मियों ने कपड़े बदलकर वोट डाले।
समय बढ़ाने पर सवाल: तैयारी नहीं थी, इसलिए बार-बार समय बढ़ाया गया
SIR प्रक्रिया के दौरान समय सीमा बढ़ाने को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि यह प्रशासन की नाकामी का सबूत है।
उन्होंने कहा,
“अगर तैयारी थी ही नहीं तो SIR क्यों शुरू किया गया? बार-बार समय बढ़ाना साबित करता है कि सरकार पूरी तरह असफल है।”
BLO की मौतों पर गंभीर सवाल, बोले– किसी ने मदद नहीं की
अखिलेश यादव ने BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) की मौतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई BLO की जान चली गई, लेकिन न सरकार ने मदद की और न ही चुनाव आयोग ने कोई ठोस कदम उठाया।
उन्होंने पूछा,
“जब BLO की जान जा रही थी तब चुनाव आयोग क्या कर रहा था?”
बीजेपी फर्जी वोट बनाने की तैयारी में – अखिलेश यादव का आरोप
सपा अध्यक्ष ने बीजेपी पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि फर्जी वोटर तैयार करने की साजिश चल रही है।
उन्होंने कहा कि पहले कहा गया था कि मतदाता मैपिंग के दौरान किसी को नोटिस नहीं भेजा जाएगा, लेकिन अब 3 करोड़ 26 लाख मतदाताओं को नोटिस भेजने की बात कही जा रही है।

एक ही नाम से दो-दो वोट, SIR के नाम पर साजिश
अखिलेश यादव ने कहा कि मतदाता सूची में एक ही नाम से कई वोट बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि SIR रिवीजन के जरिए कई तरह की साजिशें की जा रही हैं और इसका मकसद चुनाव को प्रभावित करना है।
चुनाव आयोग से सहयोग की मांग
अखिलेश यादव ने अंत में चुनाव आयोग से अपील करते हुए कहा कि अगर लोकतंत्र को बचाना है तो आयोग को निष्पक्ष होकर काम करना होगा और विपक्ष का सहयोग करना चाहिए।
राजनीति में और तेज होगी SIR की लड़ाई
धर्मेंद्र राजभर के सम्मान से लेकर SIR पर तीखे हमलों तक, सपा मुख्यालय में हुआ यह कार्यक्रम साफ संकेत दे रहा है कि आने वाले समय में SIR को लेकर सियासी टकराव और तेज होने वाला है।





