Home Uttar Pradesh मुख्तार अंसारी के जन्मदिन पर भावुक हुए बेटे अब्बास अंसारी, फेसबुक पोस्ट...

मुख्तार अंसारी के जन्मदिन पर भावुक हुए बेटे अब्बास अंसारी, फेसबुक पोस्ट में बताया ‘शहीद’

34
0

उत्तर प्रदेश के मऊ विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे दिवंगत मुख्तार अंसारी के यौम-ए-पैदाइश के मौके पर उनके बेटे और विधायक अब्बास अंसारी ने एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट साझा की है। यह पोस्ट रविवार तड़के उनके फेसबुक हैंडल पर सामने आई, जो तेजी से वायरल हो रही है।
अब्बास अंसारी ने अपने पिता को याद करते हुए उन्हें शहीद बताया और भावनात्मक शब्दों में अपनी भावनाएं जाहिर कीं। पोस्ट के सामने आने के बाद उनके समर्थक और चाहने वाले बड़ी संख्या में लाइक और कमेंट के ज़रिए प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

अपने पोस्ट में अब्बास अंसारी ने लिखा कि भले ही उनके पिता आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी मोहब्बत, दुआएं और दी हुई तर्बियत हर पल उनके साथ है। उन्होंने अपने पिता को अपनी ज़िंदगी की वह रोशनी बताया, जिसने अंधेरों में भी रास्ता दिखाया। अब्बास अंसारी ने आगे लिखा कि आज दिल बेहद बेकरार है, आंखें नम हैं और रूह शिद्दत से अपने पिता को याद कर रही है। उन्होंने यह भी लिखा कि काश एक बार फिर पिता का सहारा मिल पाता और उनकी आवाज़ सुनने को मिलती— “फिक्र मत करो, मैं हूँ ना बेटा।” पोस्ट के साथ अब्बास अंसारी ने एक फोटो भी साझा की है जिसमें बीच में उनके पिता मुख्तार अंसारी हैं एक तरफ अब्बास अंसारी तो दूसरी तरफ उनका छोटा भाई उमर अंसारी खड़ा है।

पोस्ट के अंत में अब्बास अंसारी ने अल्लाह से अपने पिता के लिए जन्नत-उल-फिरदौस में आला मकाम अता करने की दुआ की और परिवार को सब्र-ए-जमील देने की प्रार्थना की। उन्होंने कुरान-ए-पाक का हवाला देते हुए लिखा कि शहीद कभी मरते नहीं, इसलिए यौम-ए-पैदाइश के मौके पर उन्होंने अपने पिता को दिली मुबारकबाद दी।
भावुक शब्दों में लिखी गई यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here