Home Crime हरदोई कुख्यात पशु तस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़

हरदोई कुख्यात पशु तस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़

45
0

उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में पुलिस ने कुख्यात पशु तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मुठभेड़ में दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, बीते कुछ दिनों से हरदोई जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दुधारू पशुओं की चोरी की लगातार घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना सवायजपुर पुलिस को पशु तस्करों की धरपकड़ के लिए विशेष रूप से सक्रिय किया गया था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि जनपद शाहजहांपुर और बदायूं के कुख्यात पशु तस्कर चोरी के पशुओं के साथ इलाके में सक्रिय हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षात्मक जवाबी कार्रवाई में शाहजहांपुर निवासी बुधपाल और बदायूं निवासी देवेंद्र के पैर में गोली लग गई, जिससे दोनों घायल होकर गिर पड़े। मौके का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहे शाहजहांपुर निवासी रतिपाल और रितिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी शातिर किस्म के पशु तस्कर हैं और इनके खिलाफ हरदोई समेत शाहजहांपुर, बदायूं सहित कई जनपदों में पशु चोरी, तस्करी और आर्म्स एक्ट से जुड़े दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी का पिकअप डाला, एक चोरी की भैंस, चार अवैध तमंचे व कारतूस, तथा ₹1,30,000 नगद बरामद किया है।

मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीओ हरपालपुर सत्येन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पशु चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मुठभेड़ में गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here