प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड का रविवार को देशभर के साथ-साथ उत्तराखंड में भी सामूहिक प्रसारण किया गया। प्रदेशभर में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि मन की बात कर्मयोगियों के कार्यों को देश और दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के विभिन्न एपिसोड्स में राज्य के विकास कार्यों, उच्च हिमालयी क्षेत्रों की गतिविधियों, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के नवाचारों का बार-बार उल्लेख किया है। इससे उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते नवंबर माह के मन की बात एपिसोड में प्रधानमंत्री ने शीतकालीन यात्रा को विशेष रूप से शामिल किया था। प्रधानमंत्री स्वयं भी शीतकालीन यात्रा में शामिल हुए, जिसके बाद राज्य में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिली है। पहले जो रोजगार और व्यवसाय सीमित समय तक चलते थे, वे अब वर्षभर संचालित होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 27 जनवरी का दिन उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। आज़ादी के बाद संविधान के अनुच्छेद 44 में परिकल्पित समान नागरिक संहिता (UCC) को देश में सबसे पहले देवभूमि उत्तराखंड में लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कदम पूरे देश के लिए एक मजबूत और सकारात्मक संदेश देता है।
चारधाम यात्रा को उत्तराखंड की जीवनरेखा बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि आर्थिक रूप से भी राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा व्यापक और विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड पर्यटन, संस्कृति और आध्यात्मिक क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और आने वाले समय में राज्य की पहचान और अधिक सशक्त होगी।



