उच्च शिक्षा संस्थानों में लागू किए गए यूजीसी विनियम, 2026 के विरोध में सवर्ण आर्मी ने देशभर में आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में अमेठी में सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और नियमों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
सवर्ण आर्मी का कहना है कि नए यूजीसी नियमों के तहत उच्च शिक्षा संस्थानों में इक्विटी कमेटियों का गठन अनिवार्य किया गया है, जो कथित तौर पर जातिगत भेदभाव रोकने के उद्देश्य से बनाई गई हैं। संगठन का आरोप है कि ये प्रावधान सामान्य वर्ग के छात्रों के साथ भेदभावपूर्ण हैं और संविधान की भावना के भी खिलाफ हैं।
सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने कहा कि इन नियमों के कारण सामान्य वर्ग के छात्रों की शिक्षा पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन नियमों को वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मुद्दे पर विपक्षी दलों ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है, वहीं यूजीसी नियमों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की जा चुकी है।





