भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज को पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम पहले ही शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुकी है,
सीरीज के दौरान भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और फील्डिंग में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। हालांकि सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन की खराब फॉर्म टीम प्रबंधन के लिए लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। इसके अलावा स्पिन गेंदबाजी विभाग में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं।

भारतीय बल्लेबाजी इस सीरीज में पूरी तरह हावी नजर आई है। पहले मैच में अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह भारत की जीत के हीरो रहे। दूसरे मैच में ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शानदार पारियां खेलीं। तीसरे मैच में सूर्यकुमार यादव एक बार फिर से मैच विनर साबित हुए, जबकि अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। इन दमदार प्रदर्शनों की बदौलत भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
भारतीय टीम इस सीरीज को आगामी विश्व कप की तैयारियों के तौर पर देख रही है। जहां बल्लेबाजी विभाग में फिलहाल भारत का कोई सानी नहीं दिख रहा, वहीं गेंदबाजी को लेकर टीम अपने संयोजन को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रही है।
चौथे टी20 मुकाबले में जहां भारतीय टीम अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी, वहीं न्यूजीलैंड की टीम जीत दर्ज कर अपना सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत एक और जीत दर्ज कर सीरीज पर पूरी तरह कब्जा जमाता है या न्यूजीलैंड वापसी करने में सफल रहता है।





