Home Uttrakhand “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार”अभियान से सुशासन और विकास को मिली...

“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार”अभियान से सुशासन और विकास को मिली नई दिशा

47
0

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत राज्यव्यापी 45 दिवसीय महत्वाकांक्षी कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड भटवाड़ी की न्याय पंचायत साल्ड में बहुउद्देशीय शिविर एवं जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की उपस्थिति में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि यह अभियान शासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है, जिससे न केवल समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है, बल्कि विकास की प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन रही है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में कोई लापरवाही न बरती जाए। न्याय पंचायत साल्ड में आयोजित शिविर एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, दायित्वधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की उपस्थिति में कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 31 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

ग्राम प्रधान ज्ञाणजा द्वारा आंगनवाड़ी भवन निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को शीघ्र प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए। साल्ड निवासी लक्ष्मण सिंह ने क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर की समस्या उठाई, जिस पर विधायक सुरेश चौहान ने लघु सिंचाई विभाग को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण के दौरान कटी भूमि के मुआवजे की मांग पर विधायक ने संबंधित विभाग को जांच के आदेश दिए। वहीं ज्ञानसु-साल्ड-ऊपरीकोट निर्माणाधीन मार्ग से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की शिकायत पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई और जल संस्थान को संयुक्त रूप से जांच कर तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

उत्तराखंड आंदोलनकारी आश्रित पेंशन की मांग पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए।
जनता से सीधा संवाद, सुशासन की मिसाल गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। यह मुख्यमंत्री की सुशासन और जनसंपर्क को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इंटर कॉलेज साल्ड में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे इस प्रकार के शिविरों का लाभ उठाकर अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाएं।

विभिन्न विभागों द्वारा सैकड़ों लोग लाभान्वित शिविर के दौरान राजस्व विभाग द्वारा 35, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 70 लोगों को लाभान्वित किया गया। पंचायतीराज विभाग ने 55 लोगों के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण एवं परिवार रजिस्टर नकल तैयार की। कृषि विभाग द्वारा 86 लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई एवं कृषि यंत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 80 तथा आयुष विभाग द्वारा 50 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गईं। पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, समाज कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण सहित अन्य विभागों द्वारा भी सैकड़ों लोगों को योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here