Home Uttar Pradesh वन्यजीव संरक्षण की हुई जीत—बाराबंकी में रेठ नदी से 13 संरक्षित पक्षी...

वन्यजीव संरक्षण की हुई जीत—बाराबंकी में रेठ नदी से 13 संरक्षित पक्षी बरामद, शिकारी गिरफ्तार-

43
0

बाराबंकी के फतेहपुर तहसील क्षेत्र में वन विभाग ने प्रतिबंधित पक्षियों के शिकार और अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। देवा रेंज के अंतर्गत अमरसंडा वन ब्लॉक के पास रेठी नदी के किनारे से 2 शिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 13 संरक्षित पक्षी जीवित अवस्था में बरामद हुए हैं।

यह कार्रवाई 29 जनवरी 2026 को गश्त के दौरान की गई। वन विभाग की टीम ने मौके से पक्षियों का शिकार कर रहे आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए शिकारियों की पहचान शंकर पुत्र मैकू, निवासी ग्राम कुर्सी दक्षिणटोला, थाना कुर्सी, तथा सोहनलाल पुत्र मनोहर, निवासी ग्राम पड़री, थाना कुर्सी, जिला बाराबंकी के रूप में हुई है।

अभियुक्तों के पास से शिकार में इस्तेमाल किया गया जाल और अन्य प्रतिबंधित सामग्री भी बरामद की गई। बरामद किए गए 13 पक्षियों में 2 राम चिरैया/किंगफिशर (Halcyon smyrnensis), 1 टिटहरी (Vanellus indicus) और 10 काला फाख्ता/कछुआ कबूतर (Streptopelia orientalis) शामिल हैं। यह सभी पक्षी संरक्षित श्रेणी के अंतर्गत आते हैं।

इस संदर्भ में देवा रेंज में केस संख्या 78/2025-26 भारतीय वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 09, 39, 50 एवं 51 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

इस सफल कार्रवाई को प्रभागीय वनाधिकारी बाराबंकी आकाशदीप बधावन के पर्यवेक्षण और वन क्षेत्राधिकारी मयंक सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में प्रशांत कुमार (डिप्टी रेंजर), मनोज कुमार (दरोगा), गौरव पाठक, सुरेन्द्र नाथ सैनी (वन रक्षक) और करन कुमार (वन कर्मी) शामिल थे। वन विभाग ने यह बात दोहराई है कि वंयजीवों के संरक्षण के लिए ऐसी कार्रवाइयां भविष्य में भी जारी रहेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here