Home Uttar Pradesh आकांक्षी नगर योजना के तहत लखनऊ में डिजिटल हेल्थ सेवाओं को मिली...

आकांक्षी नगर योजना के तहत लखनऊ में डिजिटल हेल्थ सेवाओं को मिली नई मजबूती

68
0

आकांक्षी नगर योजना के अंतर्गत लखनऊ में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान एवं स्वयंसेवी संस्था सम्यक-कलेक्टिव गुड फाउंडेशन के सहयोग से शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोहनलालगंज में डिजिटल सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर स्क्रीनिंग तथा डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन के माध्यम से बच्चों की आँखों की जाँच हेतु आधुनिक मशीनों का उद्घाटन डॉ. रतनपाल सिंह सुमन, महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य द्वारा किया गया |

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने कहा कि प्रदेश सरकार निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए तकनीक आधारित नवाचारों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। डिजिटल सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर स्क्रीनिंग के माध्यम से बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो सकेगी, जिससे समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा। वहीं डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन तकनीक से बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं का शीघ्र निदान किया जा सकेगा। इस प्रकार की पहलें भविष्य में सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुँच को और बेहतर बनाएंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि इस पहल से बाल स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर स्क्रीनिंग को भी नई मजबूती मिलेगी। डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन मशीन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को सौंप दी जाएगी। यह टीम विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों में 42 प्रकार की जन्मजात बीमारियों की पहचान कर उनके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करती है।


इस अवसर पर डॉ. संजू अग्रवाल, निदेशक स्वास्थ्य उत्तर प्रदेश, डॉ. अलका शर्मा, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिवाकर भारद्वाज, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शशिभूषण, स्वयंसेवी संस्था की ओर से रूपेश सिंह, जय राम पाठक, खुशबू पांडे, मांडवी सहित सीएचसी का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here