उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मथुरा दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने बांके बिहारी कॉरिडोर का विरोध कर रही महिलाओं से मुलाकात की इस दौरान महिलाओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के समर्थन में नारे भी लगाए, अजय राय ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो मौजूदा व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा।
अजय राय ने कहा, “हम बांके बिहारी जी का प्रसाद हाथ में लेकर कहते हैं कि अगर हमारी सरकार आई तो इस पूरी व्यवस्था को बदला जाएगा।”
‘विकास के नाम पर विनाश कर रही है बीजेपी’
मीडिया से बातचीत में अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी बांके बिहारी धाम में विकास के नाम पर विनाश करने में लगी हुई है, उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार इस पवित्र स्थान को पूरी तरह बर्बाद करने की दिशा में काम कर रही है।
अजय राय ने दावा किया कि कॉरिडोर से जुड़े कार्य बाहरी लोगों को सौंपे जाएंगे और स्थानीय व्यापारियों को हाशिए पर डाल दिया जाएगा, उन्होंने कहा कि इससे मथुरा के स्थानीय लोगों का रोजगार और व्यापार प्रभावित होगा।
‘मथुरा के लोग कॉरिडोर नहीं चाहते’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मथुरा के लोगों ने स्पष्ट निर्णय ले लिया है कि वे बांके बिहारी धाम में कॉरिडोर नहीं चाहते, उन्होंने कहा कि यदि कॉरिडोर बनाना ही है तो उसे किसी अन्य स्थान पर बनाया जाए, अजय राय ने स्थानीय लोगों की मांग को जायज बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है और उनका पूरा समर्थन करती है।
शंकराचार्य के अपमान को लेकर सरकार पर हमला
अजय राय ने शंकराचार्य से जुड़े मामले और कथित एनकाउंटर पर हाई कोर्ट द्वारा उठाए गए सवालों का भी जिक्र किया, उन्होंने कहा कि प्रदेश में अत्याचार और अन्याय का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने कहा, जब शंकराचार्य का अपमान होता है और उनके शिष्यों के साथ मारपीट जैसी घटनाएं सामने आती हैं, तो यह केवल शंकराचार्य का ही नहीं बल्कि पूरे ब्राह्मण समाज का अपमान है, अजय राय ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हालात ऐसे हो गए हैं जैसे जंगलराज चल रहा हो।
गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग पर समर्थन
शंकराचार्य द्वारा गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग पर अजय राय ने समर्थन जताया, उन्होंने कहा कि यह मांग सभी गौ भक्तों की भावना से जुड़ी हुई है और कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर शंकराचार्य के साथ खड़ी है।
अजय राय ने कहा कि शंकराचार्य का आशीर्वाद हमेशा समाज के साथ रहा है और आगे भी बना रहेगा।



