सलमान खान बनाम अभिनव कश्यप: मानहानि केस में कोर्ट सख्त, बयानबाज़ी पर लगी रोक
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और फिल्म निर्देशक अभिनव कश्यप के बीच विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है, सलमान खान ने अभिनव कश्यप के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है, जिसके बाद कोर्ट ने निर्देशक को सलमान खान और उनके परिवार के खिलाफ सार्वजनिक बयान देने से रोक दिया है।
अनुराग कश्यप के भाई अभिनव कश्यप ने सलमान खान की सुपरहिट फिल्म ‘दबंग’ का निर्देशन किया था, लेकिन वह इस फ्रेंचाइज़ी की दूसरी फिल्म का हिस्सा नहीं रहे, अभिनव कश्यप का आरोप रहा है कि सलमान खान ने उन्हें जानबूझकर ‘दबंग’ फ्रेंचाइज़ी से बाहर करवा दिया, जिससे उनका करियर प्रभावित हुआ।
बयान बने परेशानी की वजह
अभिनव कश्यप ने बीते कुछ वर्षों में कई इंटरव्यू और सोशल मीडिया वीडियो के ज़रिए सलमान खान और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे, उन्होंने दावा किया था कि सलमान खान की वजह से उन्हें इंडस्ट्री में काम मिलना बंद हो गया और उनका करियर बर्बाद हो गया, हालांकि अब यही बयान उनके लिए भारी पड़ते नज़र आ रहे हैं।
सलमान खान ने ठोका मानहानि का केस
फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान ने अभिनव कश्यप के अलावा कोमल मेहरू, खुश्नू हजारे, अशोक कुमार (जॉन डो) और कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया है, सलमान खान ने इस मामले में 9 करोड़ रुपये के मुआवज़े की मांग की है।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अभिव्यक्ति की आज़ादी के नाम पर किसी व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक या धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, इसके साथ ही कोर्ट ने अभिनव कश्यप को सलमान खान और उनके परिवार के खिलाफ किसी भी तरह की सार्वजनिक टिप्पणी करने से रोक दिया है।
वकील की दलील
सलमान खान की ओर से पेश वकील प्रदीप गांधी ने कोर्ट में दलील दी कि अभिनव कश्यप द्वारा दिए गए इंटरव्यू और वीडियो अभिनेता की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं, उन्होंने इन बयानों पर तत्काल रोक लगाने और 9 करोड़ रुपये का हर्जाना देने की मांग की।
बताया जा रहा है कि अभिनव कश्यप अब तक 26 वीडियो में सलमान खान और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं।
अभिनव कश्यप का करियर
सलमान खान के साथ काम करने से पहले भी अभिनव कश्यप फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय थे, उन्होंने अपने करियर की शुरुआत लेखक के तौर पर की थी और ‘जंग’, ‘युवा’, ‘मनोरमा सिक्स फीट अंडर’ और ‘13बी’ जैसी फिल्मों में लेखन का योगदान दिया था, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस कानूनी लड़ाई में आगे क्या मोड़ आता है और कोर्ट का अंतिम फैसला क्या रहता है।





