यूपी के एटा में सड़क हादसा हुआ है। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, और 2 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की जांच अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार, आसपुर-सकीट रोड पर बावली नहर के पास शुक्रवार सुबह करीब 7:30
बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। गुड़गांव से गणेशपुरा, थाना कुरावली जिला मैनपुरी जा रही कार, चालक को नींद आ जाने के कारण अनियंत्रित हो गई।
कार दाहिनी ओर गड्ढे में उतरते हुए पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार पांचों लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया, जहां तीन लोगों ने दम तोड़ दिया था, जबकि दो लोग घायल अवस्था में मिले थे।
दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय की मोर्चरी भेज दिया गया। घायलों में खुशबू पुत्री दलवीर राजपूत निवासी जखुआ, थाना कुरावली तथा राहुल यादव पुत्र प्रमोद यादव निवासी गणेशपुरा, थाना कुरावली शामिल हैं, जिनका उपचार अभी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
हादसे में जान गंवाने वालों में शिवम यादव पुत्र विनोद यादव निवासी गणेशपुरा, सुमित यादव पुत्र अज्ञात निवासी नगला बरी तथा मनकी पुत्री दलबीर सिंह निवासी जखुआ थाना कुरावली जिला मैनपुरी भी शामिल हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की स्थिति तुरंत संभाली। पुलिस के अनुसार कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही और हादसे के बाद भी मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहा। मामले की जांच अभी की जा रही है।







