ईरान में लगातार खराब होते हालात को देखते हुए तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. दूतावास ने छात्रों, तीर्थयात्रियों, कारोबारियों और पर्यटकों समेत सभी भारतीयों को बिना देर किए उपलब्ध साधनों, खासकर कमर्शियल फ्लाइट्स के जरिए ईरान छोड़ने की सलाह दी है.

दूतावास की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी संदेश में कहा गया कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारतीय नागरिक जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों की ओर रवाना हों. यह एडवाइजरी पहले 5 जनवरी और 14 जनवरी 2026 को जारी चेतावनियों का अपडेट है, लेकिन अब हालात पहले से ज्यादा संवेदनशील बताए गए हैं.
दूतावास की प्रमुख सलाह
भारतीय दूतावास ने नागरिकों से अपील की है कि वे विरोध प्रदर्शनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें, स्थानीय खबरों पर नजर रखें और लगातार दूतावास के संपर्क में रहें. साथ ही पासपोर्ट, पहचान पत्र और अन्य यात्रा दस्तावेज हर समय तैयार रखने को कहा गया है.

आपात स्थिति में भारतीय नागरिक इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
+98 912 810 9115
+98 912 810 9109
+98 912 810 9102
+98 993 217 9359
ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in
क्यों बढ़ी चिंता?
जनवरी 2026 में ईरान के कई शहरों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिनमें हिंसा और सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. फरवरी में विश्वविद्यालय खुलने के बाद छात्रों के नेतृत्व में फिर से प्रदर्शन तेज हो गए हैं, खासकर तेहरान और मशहद जैसे शहरों में. इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने भी स्थिति को और गंभीर बना दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स में संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह सख्त एडवाइजरी जारी की है.







