जौनपुर के शुभम सिंह चंदेल बने IAS, UPSC में 378वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। सिकरारा क्षेत्र के छोटे से गांव शेरवा धोबहा (देवपुर धोबहा) के रहने वाले शुभम सिंह चंदेल ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 378वीं रैंक हासिल कर ली है। इस शानदार सफलता के साथ शुभम ने IAS अधिकारी बनने का अपना सपना साकार कर दिखाया है।शुभम की यह उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे जौनपुर जिले और आसपास के क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले शुभम ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादे और लगातार मेहनत के दम पर किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है। शुभम के पिता दीनानाथ सिंह ‘छेदी’ सिकरारा क्षेत्र में सोशल ऑडिटर के रूप में काम करते हैं।
Also Read-2027 से पहले बीजेपी में अंदरूनी संग्राम, योगी पर दो तरफ से दबाव?
सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने हमेशा अपने बच्चों की पढ़ाई को सबसे ज्यादा महत्व दिया। पिता के त्याग, प्रोत्साहन और शुभम की कड़ी मेहनत ने मिलकर इस सफलता की कहानी लिख दी। अपनी सफलता पर शुभम सिंह चंदेल ने कहा कि “सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लगातार मेहनत करनी पड़ती है। अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करना जरूरी है। अगर ईमानदारी से प्रयास किया जाए तो ग्रामीण पृष्ठभूमि भी बाधा नहीं, बल्कि ताकत बन जाती है।” वहीं जौनपुर के चर्चित बाहुबली नेता धनंजय सिंह ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शुभम को बधाई दी। उन्होंने लिखा,“प्रिय भतीजे शुभम, पुत्र श्री दीनानाथ सिंह ने UPSC में 378 रैंक प्राप्त की है। पूरे क्षेत्र को तुम पर गर्व है। जो उम्मीद थी, वह तुमने कर दिखाया। ढेर सारा प्यार और शुभाशीष।” शुभम की इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है और लोग इसे जौनपुर के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा मान रहे हैं।जौनपुर के शुभम सिंह चंदेल बने IAS, UPSC में 378वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान।







