Home Political news “जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई” – अखिलेश यादव का सरकार पर...

“जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई” – अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, रूस को बताया भारत का पुराना दोस्त

40
0


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान कई लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिनमें पूर्व डीआईजी राम शरद राम भी शामिल रहे। अखिलेश यादव ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि लगातार बड़ी संख्या में लोग सपा से जुड़ रहे हैं, जिससे साफ है कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी की ओर बढ़ रहा है।

also read 2027 से पहले बीजेपी में अंदरूनी संग्राम, योगी पर दो तरफ से दबाव?

महंगाई और टैक्स को लेकर सरकार पर निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने महंगाई और बढ़ते टैक्स को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ लगातार टैक्स बढ़ा रही है, जबकि दूसरी ओर महंगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने एलपीजी सिलेंडर की कीमत का जिक्र करते हुए कहा कि आज ही गैस सिलेंडर पर 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अखिलेश ने कहा कि सरकार अक्सर यह कहती है कि कुछ परिस्थितियों के कारण कीमतें बढ़ाई जा रही हैं और बाद में कम कर दी जाएंगी, लेकिन हकीकत यह है कि एक बार जो चीज महंगी हो जाती है, उसकी कीमत फिर कम नहीं होती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हमारी समझ में एक ही बात आती है कि जब जाएंगे भाजपाई, तभी हटेगी महंगाई।”

कानून व्यवस्था और पुलिस पर सवाल

अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई मामलों में पुलिस की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। कानपुर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की कॉल डिटेल सामने आने पर यह बात सामने आई कि अपराधियों को अंदर की जानकारी दी जा रही थी।उन्होंने यह भी कहा कि गांजे की तस्करी से जुड़े मामलों में पुलिस की भूमिका सामने आई है, लेकिन अपराधियों की कॉल डिटेल निकालने की दिशा में उतनी गंभीरता नहीं दिखाई जाती। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतना गांजा पकड़ा जाता है तो वह आगे कहां जाता है।

बीजेपी के गाने को लेकर FIR की चेतावनी

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोगों ने समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए एक गाना जारी किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में समाजवादी पार्टी एफआईआर दर्ज कराएगी। उनका कहना था कि अगर कार्रवाई नहीं होती तो यह साफ हो जाएगा कि इसमें भाजपा के लोगों का हाथ है।

सपा सरकार के कामों का किया जिक्र

प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने उत्तर प्रदेश में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए थे।उन्होंने बताया कि सपा सरकार के दौरान एक्सप्रेसवे का निर्माण हुआ, छात्रों को लैपटॉप दिए गए, रिवर फ्रंट बनाया गया और प्रदेश में कई थर्मल पावर प्लांट स्थापित किए गए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि लोकभवन, कैंसर इंस्टीट्यूट, बड़ी यूनिवर्सिटियां, डायल-100 सेवा, एंबुलेंस व्यवस्था और रिवरफ्रंट जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट भी सपा सरकार की देन हैं।

शिवपाल यादव ने भी साधा निशाना

प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है और भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए गए हैं। शिवपाल यादव के मुताबिक प्रदेश में हर स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है, जिससे आम जनता, मजदूर और परिवहन से जुड़े लोग परेशान हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यूपी के बजट में भी बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है।

चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी ने आवाज नहीं उठाई होती तो कई जगह मतदाताओं के नाम सूची से काटे जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विधानसभा क्षेत्रों में एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर से कई वोट काटने की कोशिश की जा रही थी।

रूस को बताया भारत का पुराना मित्र

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि रूस भारत का पुराना मित्र रहा है। उन्होंने कहा कि अगर भारत को रूस से सस्ता तेल मिलता है तो उसे ज्यादा मात्रा में तेल खरीदना चाहिए, ताकि देश की अर्थव्यवस्था को फायदा मिल सके।

PDA सरकार बनाने का दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि समाज के शोषित और वंचित वर्गों को साथ जोड़कर समाजवादी पार्टी एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माहौल बदल रहा है और जनता अब बदलाव चाहती है। सपा कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपील की कि सभी मिलकर काम करें ताकि आने वाले चुनाव में सरकार बदली जा सके और जनता को राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here