योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम एक संदेश साझा किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर चिट्ठी पोस्ट कर महिलाओं की भूमिका और उनके सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे।
सीएम योगी ने लिखा कि एक मजबूत और विकसित समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
2017 से पहले और अब का अंतर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले कई जगहों पर बेटियों को शाम के बाद घर से बाहर निकलने में डर लगता था और स्कूल-कॉलेज जाने में भी असुरक्षा महसूस होती थी। लेकिन अब हालात बदले हैं और कई महिलाएं रात की शिफ्ट में भी काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव सरकार की स्पष्ट नीति और मजबूत इरादों से संभव हुआ है।
Also Read- आशुतोष ब्रह्मचारी पर चलती ट्रेन में हमला, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाया साजिश का आरोप
उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति और एंटी रोमियो स्क्वॉड जैसे अभियानों से महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों में डर पैदा हुआ है।
बेटियों के लिए कई योजनाएं
सीएम योगी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक मदद करती है। वहीं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के जरिए गरीब परिवारों की बेटियों की शादी सम्मान के साथ कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुष्टाहार योजना के माध्यम से गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को बेहतर पोषण दिया जा रहा है। साथ ही निराश्रित महिलाओं की पेंशन राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी गई है।
शिक्षा और रोजगार में बढ़े अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी प्रयासों के कारण छात्राओं का ड्रॉपआउट रेट काफी कम हुआ है। मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में भी बड़ी गिरावट आई है। आज बेटियों को शिक्षा से लेकर रोजगार तक समान अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों का तेजी से विस्तार हुआ है और करीब 50 हजार बीसी सखियां वित्तीय लेनदेन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वहीं ‘लखपति दीदी’, ‘ड्रोन दीदी’, ‘स्वास्थ्य सखी’ और ‘सूर्य सखी’ जैसी पहलें महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही हैं।
नारी सम्मान का संदेश
अपने संदेश में सीएम योगी ने कहा कि समाज में महिलाओं का सम्मान सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेटियों को डरने या छोटे सपने देखने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार की योजनाएं उनके सपनों को पूरा करने में मदद कर रही हैं।
अंत में उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।





