अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत में भी इसका असर दिखाई देने लगा है। खासकर उत्तर प्रदेश में कुकिंग गैस को लेकर लोगों के बीच चिंता बढ़ती जा रही है। हालात यह हैं कि कई शहरों में लोग गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि आने वाले दिनों में कहीं गैस की कमी न हो जाए।
ALSO READ स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की यात्रा रोकने की मांग, आशुतोष ब्रह्मचारी ने कोर्ट में दी अर्जी

बताया जा रहा है कि घटते स्टॉक को लेकर तेल कंपनियों ने चिंता जताई है, जिसके चलते फिलहाल कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगाए जाने की खबर सामने आ रही है। गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस समय प्राथमिकता के आधार पर सिर्फ घरेलू सिलेंडरों की सप्लाई सुनिश्चित करें।इस फैसले का सबसे ज्यादा असर होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों पर पड़ा है, क्योंकि उन्हें कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ गैस संकट की खबरों के बीच आम लोगों ने भी पहले से ज्यादा सिलेंडर बुक करना शुरू कर दिया है, जिससे मांग अचानक बढ़ गई है।राजधानी लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत कई शहरों से सिलेंडर डिलीवरी में देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई जगहों पर लोगों को बुकिंग के चार से पांच दिन बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिसके कारण गैस एजेंसियों के बाहर भीड़ बढ़ती जा रही है।हालांकि प्रशासन और तेल कंपनियों का कहना है कि भारत में फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों और बढ़ती मांग के कारण लोगों की चिंता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है।





