Home Breaking News सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह के घर हुआ जोरदार विस्फोट, 6...

सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह के घर हुआ जोरदार विस्फोट, 6 लोग घायल

198
0

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में मंगलवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह के नाला मछरट्टा स्थित आवास पर अचानक तेज विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि चार मंजिला मकान की ऊपरी मंजिलों तक झटका महसूस किया गया। चौथी मंजिल की रेलिंग, खिड़कियां और दरवाजे टूट गए, जबकि बेसमेंट की छत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास की दुकानों और मकानों तक कंपन महसूस किया गया।

घटना के समय घर में परिवार और अन्य लोग मौजूद थे। इस हादसे में पूर्व विधायक के दोनों बेटे अभिषेक सिंह उर्फ सिक्की और अविनाश सिंह विक्की सहित कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों में गांव नूरपुर के प्रधान भैयालाल चौहान, राजीव गांधी नगर निवासी राशू, नाला मछरट्टा के ईशू चौरसिया और रामवीर सिंह भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि सभी लोग घर में मौजूद थे, तभी अचानक बेसमेंट में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घर के अंदर चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी नर्सिंग होम और लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी और एसपी आरती सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here