उत्तर प्रदेश सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर जिला मुख्यालय उरई स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाते हुए इसे विकास का मॉडल बताया।
विकास का विस्तार आखिरी पायदान तक
विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विकास को आखिरी छोर तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रदेश ने जो विकास यात्रा तय की है, वह ऐतिहासिक है। विधायक ने कहा कि 70 वर्षों तक जो काम नहीं हुआ, उसे इस सरकार ने महज 9 साल में पूरा कर दिखाया है।
महापुरुषों और वीरांगनाओं को मिला गौरव
विधायक ने कहा कि पिछली सरकारों ने महापुरुषों और वीरांगनाओं के स्थलों की उपेक्षा की, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें फिर से गौरवान्वित किया है। उन स्थलों का सुंदरीकरण कर उन्हें पर्यटन और आस्था से जोड़ा गया है।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव
विधायक ने कहा कि 2017 से पहले मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों की जो दुर्दशा थी, वह आज बदल चुकी है। जिले के सीएचसी और पीएचसी पर अब उच्च स्तर की सुविधाएं उपलब्ध हैं। गंभीर मरीजों के लिए नवीन भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं प्राइमरी स्कूलों का कायाकल्प किया गया है और गांवों में ही स्कूल खोले जा रहे हैं ताकि बच्चों को दूर न जाना पड़े।
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जोर
प्रेस वार्ता में विधायक ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को समूहों के जरिए रोजगार से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि आज हर थाने पर महिलाएं बेझिझक अपनी शिकायत लेकर पहुंच रही हैं। सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की है और प्रदेश से गुंडाराज को पूरी तरह खत्म कर दिया है।
बुनियादी ढांचे का हुआ चौतरफा विकास
विधायक ने बताया कि जिले में सड़कों का जाल बिछाया गया है। सीमाओं को जोड़ने वाले मार्गों से लेकर शहर की छोटी गलियों तक का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटा दिया गया है और शहर के हर चौराहे का सुंदरीकरण किया गया है। इसके अलावा गांव-गांव में तालाबों का जीर्णोद्धार और वृक्षारोपण किया गया।
किसानों की आय हुई दोगुनी
विधायक ने दावा किया कि सरकार की नीतियों का सबसे बड़ा लाभ किसानों को मिला है। उनकी आमदनी दोगुनी हुई है। हर सरकारी विभाग का कायाकल्प हुआ है और प्रशासनिक व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त हुई हैं।इस दौरान विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास की एक मिसाल कायम की है और आने वाले समय में भी यह क्रम जारी रहेगा।






