चारधाम यात्रा 2026 से पहले उत्तराखंड में एक बड़ा धार्मिक मुद्दा सामने आया है। बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने 10 मार्च की बैठक में प्रस्ताव पास कर केदारनाथ मंदिर, बद्रीनाथ मंदिर समेत 47 मंदिरों में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने की सिफारिश की है। अब इस पर अंतिम फैसला राज्य सरकार को लेना है।
समिति का कहना है कि यह फैसला मंदिरों की पवित्रता और परंपराओं को बनाए रखने के लिए लिया गया है। उनके अनुसार, चारधाम यात्रा सिर्फ पर्यटन नहीं, बल्कि आस्था से जुड़ी एक धार्मिक यात्रा है, जिसमें नियमों का पालन जरूरी है।
सारा अली खान को लेकर बढ़ी चर्चा
इस मुद्दे ने तब ज्यादा तूल पकड़ा जब बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान का नाम सामने आया। सारा अक्सर केदारनाथ और बद्रीनाथ दर्शन के लिए जाती हैं।खबरों के मुताबिक, अगर सारा अली खान केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने आती हैं, तो उन्हें एक शपथ पत्र (एफिडेविट) देना पड़ सकता है। इस आधार पर ही उन्हें मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है।
Also Read- रामपुर बना शत-प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने वाला प्रदेश का पहला जिला
श्रद्धालुओं में उत्साह, लेकिन बढ़ी संवेदनशीलता
चारधाम यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। यात्रा शुरू होने से पहले ही 6 लाख से ज्यादा लोग रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं, जिससे इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
हालांकि, इस प्रस्ताव के बाद यात्रा को लेकर संवेदनशीलता भी बढ़ गई है। अब सबकी नजर राज्य सरकार के फैसले पर है, जो तय करेगी कि परंपराओं और सामाजिक संतुलन के बीच कैसे तालमेल बैठाया जाए।



