लखनऊ: राजधानी लखनऊ में आज ईद के चांद को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। शहर के ऐतिहासिक ऐशबाग ईदगाह से आज शाम ईद का चांद देखने का सिलसिला शुरू होगा। इसके लिए मुस्लिम धर्मगुरु, उलेमा और शिया-सुन्नी चांद कमेटियों के सदस्य मौजूद रहेंगे।
बताया गया है कि शाम करीब 5:30 बजे से चांद देखने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। चांद को साफ तौर पर देखने के लिए दूरबीन की भी व्यवस्था की गई है, ताकि चांद दिखने की स्थिति में तुरंत पुष्टि की जा सके। इस दौरान चांद कमेटी के सदस्य आसमान पर नजर रखेंगे और अन्य जिलों से भी चांद दिखने की सूचनाएं जुटाई जाएंगी।चांद नजर आने के बाद शिया और सुन्नी दोनों चांद कमेटियां आधिकारिक रूप से ईद की तारीख का ऐलान करेंगी। अगर आज चांद दिखाई देता है तो कल ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा, जबकि चांद नहीं दिखने की स्थिति में रमजान के 30 रोजे पूरे होने के बाद एक दिन बाद ईद मनाई जाएगी।ईद के चांद को लेकर मुस्लिम समाज में खास उत्साह देखा जा रहा है। लोग बाजारों में खरीदारी कर रहे हैं और ईद की तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
ALSO READ:महंगाई और गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर समाजवादी छात्र सभा का प्रदर्शन, कई कार्यकर्ता हिरासत में
ऐशबाग ईदगाह समेत शहर की प्रमुख मस्जिदों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं।धर्मगुरुओं ने लोगों से अपील की है कि ईद को भाईचारे, शांति और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। चांद का दीदार होते ही मस्जिदों से भी इसकी सूचना दी जाएगी और लोगों को ईद की मुबारकबाद का सिलसिला शुरू हो जाएगा।






