उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में मुर्धवा-हाथीनाला जंगल मार्ग पर वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो ट्रेलरों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रेलर पुट्टी (निर्माण सामग्री) लेकर जा रहा था, जबकि दूसरी ओर से कोयला लदा ट्रेलर आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेलर अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरे। हादसे में वाहन सवार लोग भी नीचे जा गिरे।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को गड्ढे से बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
हादसे में मृतक की पहचान 35 वर्षीय चंदन कुमार, निवासी बलिया के रूप में हुई है।वहीं, इमरान खान (निवासी अलवर, राजस्थान) और रमेश चौधरी (निवासी बलिया) गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जारी है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार, अंधेरा और सुनसान जंगल मार्ग इस हादसे के प्रमुख कारण हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






