उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर-2’ को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। फैजाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने फिल्म में अतीक अहमद जैसे किरदार को दिखाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अब इस दुनिया में नहीं है, उसके बारे में इस तरह की प्रस्तुति करना उचित नहीं है।अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि सरकार के पास युवाओं को रोजगार देने, किसानों की समस्याओं को हल करने और बढ़ती महंगाई को नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। उनका कहना है कि इन अहम मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए फिल्मों के माध्यम से एक खास तरह का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
also read आरएसएस के संग योगी और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की हुई मीटिंग ! 27 चुनाव को लेकर हुआ मंथन

उन्होंने यह भी कहा कि देश इस समय कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिसमें सीमाओं से जुड़े मुद्दे भी शामिल हैं, लेकिन इन पर चर्चा करने के बजाय सरकार ऐसे विषयों को आगे बढ़ा रही है जो असल समस्याओं से ध्यान भटका दें। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या दौरे और राम मंदिर से जुड़े कार्यक्रम में निमंत्रण नहीं मिलने को लेकर भी सपा सांसद ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें बुलाया जाता तो वह निश्चित रूप से कार्यक्रम में शामिल होकर राष्ट्रपति का स्वागत करते। अवधेश प्रसाद ने यह भी कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से कोई शिकायत नहीं है, लेकिन अयोध्या की जनता का प्रतिनिधि होने के नाते ऐसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से उन्हें दूर रखना उचित नहीं था। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उन्होंने अयोध्या की जनता की ओर से राष्ट्रपति का सम्मान और स्वागत किया।






