Home Breaking News प्रदेशवासियों के नाम सीएम योगी ने लिखी पाती कहा”‘9 वर्षों में यूपी...

प्रदेशवासियों के नाम सीएम योगी ने लिखी पाती कहा”‘9 वर्षों में यूपी बना सुशासन का मॉडल”

29
0

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम एक ‘पाती’ लिखते हुए बीते 9 वर्षों की उपलब्धियों और सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने इस अवसर को नवनिर्माण और नवचेतना का प्रतीक बताया और कहा कि आद्यशक्ति माँ दुर्गा की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि नवरात्र के साथ ही सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होना एक सुखद संयोग है, जिसने प्रदेश में सुशासन का नया अध्याय जोड़ा है। उन्होंने मातृशक्ति की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित करते हुए कहा कि गांवों में महिलाओं ने परिवर्तन की कमान संभाली है और सरकारी योजनाओं के माध्यम से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है। खेती में नवाचार, वित्तीय समावेशन और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को उन्होंने इस बदलाव का प्रमाण बताया।

उन्होंने 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय युवा रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर थे और सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार तथा भाई-भतीजावाद हावी था। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और युवा पारदर्शी व निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां प्राप्त कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में भी बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि अब केवल संपन्न वर्ग ही नहीं, बल्कि श्रमिकों के बच्चे भी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। प्रदेश के प्रत्येक मंडल में अटल आवासीय विद्यालयों की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

किसानों और वंचित वर्गों को लेकर उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का अन्नदाता कर्जदार नहीं, बल्कि उत्पादक बन चुका है। वनटांगिया, थारू और मुसहर जैसे समुदायों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता रही है और यह सामाजिक समावेशन की दिशा में बड़ा कदम है।

कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब भयमुक्त वातावरण है और लोग अपने त्योहार पूरे उल्लास के साथ मना रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उदा देवी, झलकारी बाई और रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर महिला पीएसी बटालियन की स्थापना को उन्होंने अहम उपलब्धि बताया।

अपने संदेश के अंत में योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे ‘राष्ट्रधर्म सर्वप्रथम’ के मंत्र को अपनाते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें और उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहभागी बनें। उन्होंने आद्यशक्ति से प्रार्थना की कि वह सभी को शक्ति और नवचेतना प्रदान करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here