उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक फतेहपुर से 5 यात्रियों को लेकर अशोथर की ओर जा रहा था। इसी दौरान शहर की ओर मोरंग लेकर आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ऑटो से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल ले जाते समय एक यात्री ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि 4 घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।





