उत्तर प्रदेश समेत कई क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के बीच भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने गैस बुकिंग को लेकर नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब जिन उपभोक्ताओं का सालाना 12 सिलेंडर का कोटा पूरा हो चुका है, उन्हें अतिरिक्त सिलेंडर बुक करने के लिए कारण बताना अनिवार्य होगा।
क्या है नया नियम?
नई प्रक्रिया के तहत उपभोक्ताओं को ‘Hello BPCL’ मोबाइल ऐप के जरिए बुकिंग करनी होगी। इसमें कुछ जरूरी सवालों के जवाब देने होंगे, जैसे—
-परिवार के सदस्यों की संख्या
-घर में मेहमानों की मौजूदगी
-शादी, भंडारा या अन्य आयोजन
-अतिरिक्त घरेलू जरूरत का कारण
इन सवालों का जवाब देने के बाद ही अतिरिक्त सिलेंडर की बुकिंग संभव होगी।
अचानक लागू हुआ नियम, उपभोक्ता परेशान
यह नया नियम रविवार से लागू कर दिया गया, लेकिन इसकी जानकारी न तो उपभोक्ताओं को थी और न ही गैस एजेंसी संचालकों को। बुकिंग में समस्या आने पर लोग एजेंसियों के चक्कर लगाते नजर आए। बाद में कंपनी अधिकारियों से संपर्क करने पर नई प्रक्रिया की जानकारी सामने आई।
क्या होगी परेशानी?
इस नई व्यवस्था से खासतौर पर ग्रामीण और ऐसे उपभोक्ताओं को दिक्कत हो सकती है, जो स्मार्टफोन का उपयोग नहीं करते। ऐप डाउनलोड करना और उसमें जानकारी भरना उनके लिए चुनौती बन सकता है।
क्यों लिया गया फैसला?
बताया जा रहा है कि एलपीजी सिलेंडरों की सीमित उपलब्धता और बढ़ती मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि जरूरतमंदों को प्राथमिकता दी जा सके और दुरुपयोग पर रोक लगे। कुल मिलाकर नई व्यवस्था पारदर्शिता लाने की कोशिश जरूर है, लेकिन इसके चलते आम उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सिलेंडर के लिए ज्यादा प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा। आने वाले समय में इसका असर साफ तौर पर देखने को मिलेगा।






