Home Crime झोलाछाप डॉक्टर की सुई बनी मौत का कारण, 18 वर्षीय युवती की...

झोलाछाप डॉक्टर की सुई बनी मौत का कारण, 18 वर्षीय युवती की मौत पर बवाल

18
0

महराजगंज। जिले में झोलाछाप डॉक्टर की कथित लापरवाही से 18 वर्षीय युवती की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर कोतवाली क्षेत्र के अमरूतिया स्थित पासी टोला में रविवार को यह दर्दनाक घटना हुई। आरोप है कि 18 वर्षीय मोनिका की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे बैकुंठपुर चौराहे पर एक झोलाछाप डॉक्टर (सोनू मेडिकल स्टोर) के पास ले गए थे। परिजनों के मुताबिक, मोनिका को दो दिनों से बुखार था और रविवार शाम हालत हल्की बिगड़ने पर इलाज के लिए ले जाया गया। आरोप है कि डॉक्टर ने मना करने के बावजूद इंजेक्शन लगा दिया, जिसके तुरंत बाद युवती की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। घबराए परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोनिका अपने परिवार में तीन बहनों और एक भाई के बीच की संतान थी, जबकि उसके पिता रामसवारे वाहन चालक हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मर्चरी हाउस पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोग शव को लेकर नगर तिराहे तक पहुंचे और सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर सीओ अंकुर गौतम,सदर कोतवाल निर्भय सिंह, सीओ सदर और महिला थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here