जयपुर में एक विदेशी फोटोग्राफर द्वारा किए गए ‘गुलाबी हाथी’ फोटोशूट को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त विवाद खड़ा हो गया है। तस्वीरें वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इसे पशु क्रूरता बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है और इस तरह के प्रयोगों पर सवाल उठाए हैं।
मामले के अनुसार, रूस की फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा ने एक मॉडल के साथ फोटोशूट किया, जिसमें एक हाथी को चमकीले गुलाबी रंग से रंगा गया था। ये तस्वीरें नवंबर 2025 की बताई जा रही हैं, जो हाल ही में दोबारा वायरल होने के बाद चर्चा में आ गई हैं।
विवाद बढ़ने पर जूलिया बुरुलेवा ने अपनी सफाई में कहा कि हाथी पर इस्तेमाल किया गया रंग पूरी तरह ऑर्गेनिक और स्थानीय था, जो त्योहारों में भी प्रयोग होता है और जानवर के लिए सुरक्षित है।
वहीं, आमेर का हाथी गांव से जुड़े लोगों ने भी बताया कि फोटोशूट के दौरान केवल हर्बल रंगों का इस्तेमाल किया गया था और शूट खत्म होने के 30 मिनट के भीतर ही हाथी को साफ कर दिया गया, ताकि उसे किसी प्रकार की परेशानी न हो।
हालांकि, इन दावों के बावजूद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। कई यूजर्स ने इसे जानवरों के साथ अमानवीय व्यवहार करार दिया है। फिल्म निर्माता आकाश प्रभाकर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हाथी कोई कैनवस नहीं है, यह एक जंगली जानवर है, जिसका इस्तेमाल केवल खूबसूरती बढ़ाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।”
फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है और पशु अधिकारों को लेकर एक बार फिर गंभीर चर्चा शुरू हो गई है।





