आईपीएल 2026 के 19वें सीजन का पांचवां मुकाबला बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां लखनऊ सुपर जाइंट्स और दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान की शुरुआत जीत से करना चाहेंगी ।
लखनऊ के लिए यह मैच सिर्फ सीजन की शुरुआत नहीं, बल्कि पिछले सीजन में दिल्ली से मिली हार का बदला लेने का भी सुनहरा मौका है। इस बार टीम पूरी तरह फिट है और उनकी दावेदारी पहले से मजबूत नजर आती है।
इस मुकाबले में लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत पिछले सीजन की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। वहीं दिल्ली की कमान अक्षर पटेल के हाथ में होगी, जिन पर टीम को पहला खिताब दिलाने की जिम्मेदारी होगी।
लखनऊ की बल्लेबाजी काफी मजबूत नजर आ रही है। मिचेल मार्श, एडेन मार्करम और निकोलस पूरन की तिकड़ी किसी भी समय मैच का रुख बदल सकती है। लखनऊ ने इस सीजन गेंदबाजी पर खास ध्यान दिया है। मोहम्मद शमी और एनरिच नॉर्किया जैसे अनुभवी गेंदबाज टीम को मजबूती देते हैं। तेज गेंदबाज मयंक यादव और मोहसिन खान की वापसी से आक्रमण और धारदार हो गया है।
दिल्ली के लिए सबसे बड़ा सवाल ओपनिंग जोड़ी को लेकर है। केएल राहुल पारी की शुरुआत करेंगे, लेकिन उनके साथी के रूप में पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल या पाथुम निसांका में से किसे मौका मिलेगा, यह देखना दिलचस्प होगा। मध्यक्रम में डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स टीम को मजबूती देंगे। गेंदबाजी में कप्तान अक्षर पटेल के साथ कुलदीप यादव और लुंगी एंगिडी अहम भूमिका निभाएंगे। इकाना स्टेडियम में यह मुकाबला दो मजबूत टीमों के बीच होने जा रहा है, जहां रणनीति, फॉर्म और दबाव झेलने की क्षमता ही जीत का फैसला करेगी।






