Home Education उरई में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ, डीएम ने बच्चों को...

उरई में ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ, डीएम ने बच्चों को बांटी किताबें और बैग

16
0

बेसिक शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रत्येक बच्चे को स्कूल से जोड़ने के उद्देश्य से जालौन के मुख्यालय उरई में बुधवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को निःशुल्क किताबें और बैग वितरित किए तथा स्कूल चलो अभियान की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से शहर के विभिन्न मार्गों पर बच्चों ने शिक्षा के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर ‘सब पढ़ें, सब बढ़ें’ और ‘हर बच्चा स्कूल जाए’ जैसे नारे लगाए।

ALSO READ:योगी सरकार ने ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए 300 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फंड जारी किया

इस मौके पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उनका शीघ्र स्कूलों में दाखिला कराया जाए।

कार्यक्रम के दौरान एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य भी देखने को मिला। 11 वर्षीय रितिक नामक बच्चा, जो पढ़ाई करना चाहता था लेकिन स्कूल नहीं जा पा रहा था, उसका दाखिला स्वयं जिलाधिकारी ने कराया। बताया गया कि बीते दिन रितिक अपने पिता के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा था। बच्चे की पढ़ाई के प्रति रुचि को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल पहल करते हुए उसका विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित कराया। जिलाधिकारी की इस पहल की लोगों ने सराहना की और इसे शिक्षा के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता बताया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी संजय कुमार, बसा चंद्रप्रकाश, डीआईओएस राजकुमार पंडित सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जनपद के सभी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने और ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः स्कूल से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here