उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से भारी संख्या में मोबाइल फोन, 144 सिम कार्ड, लैपटॉप और कंप्यूटर बरामद किए गए हैं। मामला राधानगर थाना क्षेत्र के देवीगंज इलाके का है, जहां एक किराए के मकान से फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा था।
गिरोह ‘uniquerishtey.com’ वेबसाइट के जरिए शादी के इच्छुक लोगों का डेटा हासिल करता था और उन्हें अलग-अलग पैकेज ऑफर करता था।
आरोपी QR कोड के माध्यम से 2,999 से लेकर 19,999 रुपये तक की रकम वसूलते थे। इसके बाद व्हाट्सएप पर लड़के-लड़कियों की फर्जी फोटो भेजकर बातचीत कराते और पैसा मिलते ही संपर्क तोड़ देते थे। बताया जा रहा है कि यह गिरोह पिछले करीब 18 महीनों से सक्रिय था और देश के कई राज्यों में ठगी की वारदात को अंजाम दे चुका है।
एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि“राधानगर थाना क्षेत्र के देवीगंज में फर्जी कॉल सेंटर की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने छापेमारी कर मौके से 3 लड़कियों सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर और 144 सिम कार्ड बरामद हुए हैं। यह गिरोह मैट्रिमोनियल साइट के जरिए लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था। इनके खिलाफ कई राज्यों में 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।”
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट्स का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर करने से बचें।





