मथुरा के थाना बरसाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो वांछित अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना बरसाना में दर्ज वांछित अभियुक्त जीतू उर्फ जितेंद्र (33) और राजवीर (40) को भरना खुर्द माइनर के पास, सहार से कमई जाने वाले नाले के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। दोनों आरोपी नंदगांव क्षेत्र के दिवाका थौक के निवासी हैं।
पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षा के तहत पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें जीतू उर्फ जितेंद्र के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी राजवीर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर की टीवीएस रोनिन मोटरसाइकिल, दो .315 बोर तमंचे, तीन खोखा कारतूस, और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, जबकि दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और काफी समय से फरार चल रहे थे।






