Home Crime गोरखपुर में राप्ती नदी में डूबे 4 दोस्तों के शव मिले, परिवारों...

गोरखपुर में राप्ती नदी में डूबे 4 दोस्तों के शव मिले, परिवारों में मचा कोहराम

27
0

रील और स्टंट के चक्कर में गई चार किशोरों की जान

गोरखपुर । गोरखपुर में राप्ती नदी में डूबे चार किशोरों के शव मिलने के बाद परिवारों में कोहराम मच गया। बुधवार को रील और स्टंट बनाने के दौरान नदी में डूबे चार दोस्तों की तलाश में चल रहा सर्च ऑपरेशन शुक्रवार सुबह खत्म हुआ, जब तीन और किशोरों के शव बरामद कर लिए गए।
गुरुवार शाम को सबसे पहले 15 वर्षीय विवेक निषाद का शव मिला था। इसके बाद शुक्रवार सुबह 15 वर्षीय अमन उर्फ बीरू राजभर, 15 वर्षीय गगन पासवान और 13 वर्षीय अनिकेत यादव के शव भी नदी से बरामद कर लिए गए।

बुधवार को रील बनाते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खोराबार क्षेत्र के मिर्जापुर घाट स्थित पीपा पुल के पास नौ दोस्त साइकिल से पहुंचे थे। इनमें से पांच किशोर राप्ती नदी में नहाने और रील बनाने लगे।
इसी दौरान चार किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद राजकरन उर्फ टाइमपास किसी तरह बाहर निकल आया और उसने घटना की जानकारी पुलिस व परिजनों को दी।

ALSO READ:Raghav Chadha बोले- “मुझे चुप कराया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं”

मिर्जापुर घाट पर चला सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ग्रामीण और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। SDRF और NDRF की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
मौके से चार साइकिल, कपड़े और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। गुरुवार सुबह फिर से खोज अभियान शुरू किया गया, जिसमें सबसे पहले विवेक निषाद का शव घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर मिला।

शुक्रवार सुबह मिले बाकी तीन शव

शुक्रवार सुबह राप्ती नदी में तीन किशोरों के शव उतराते हुए दिखाई दिए। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।

शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

चारों किशोरों के शव मिलने की खबर के बाद गांव में मातम छा गया। घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महिलाओं की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रील और स्टंट बनाने की बढ़ती होड़ बच्चों और किशोरों के लिए खतरनाक साबित हो रही है। यह हादसा एक बार फिर सोशल मीडिया के लिए जान जोखिम में डालने की प्रवृत्ति पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here