उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित सिविल कोर्ट परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अधिवक्ता ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही सगे भतीजे को गोली मार दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद कोर्ट परिसर में दहशत का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता जे. के. राज ने किसी निजी पारिवारिक विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। गोली भतीजे के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
फायरिंग की आवाज सुनते ही कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और आम नागरिकों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही विवेक तिवारी (एएसपी) मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस टीम को तत्काल जांच और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और मामले की गहन जांच के आदेश दिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल भी घटनास्थल पर पहुंचीं।
फिलहाल पुलिस आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर न्यायालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






