Home Crime विधवा की जमीन पर कब्जे का आरोप, देवर पर मकान गिराकर निर्माण...

विधवा की जमीन पर कब्जे का आरोप, देवर पर मकान गिराकर निर्माण कराने का दावा

92
0

कानपुर के नरवल तहसील क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक विधवा महिला ने अपने ही देवर पर पुश्तैनी मकान गिराकर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।

नरवल तहसील के प्रेमपुर गांव निवासी ममता, पत्नी स्वर्गीय सुरेन्द्र कुमार, ने एसडीएम नरवल से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि उनके देवर ने उनके पुश्तैनी मकान को गिराकर उस पर अवैध निर्माण शुरू करा दिया है।

पीड़िता के अनुसार, उनके पति की कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है, जिसके बाद वह अपने बच्चों के साथ लखनऊ में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। वह समय-समय पर गांव आती रहती थीं, लेकिन पिछले सात महीनों से गांव नहीं आ सकीं।

इसी दौरान, आरोप है कि उनके देवर शिवचंद, उनकी पत्नी राजकुमारी और पुत्र देशराज ने मकान गिराकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया।

मामले की शिकायत मिलने के बाद एसडीएम ने काम रुकवाने के लिए टीम भेजी, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि थाना महाराजपुर की सरसौल चौकी में शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

महिला का कहना है कि वह 3 तारीख से लगातार चौकी के चक्कर काट रही हैं, लेकिन चौकी इंचार्ज ने न तो विपक्षी पक्ष को बुलाया और न ही कोई कार्रवाई की।

पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वह मुख्यमंत्री आवास तक जाएंगी, लेकिन अपने पति की आखिरी निशानी को किसी भी कीमत पर नहीं जाने देंगी।